खैरागढ़ - जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में गातापार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 172 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 1700 रुपये बताई गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम मुढीपार में 14 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी पिरीत राम साहू 52 वर्ष पिता आनंद राम साहू निवासी मुढीपार को पकड़ा गया। आरोपी के पास से सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखी हरे रंग की पॉलिथीन में गांजा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट 1985 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उप जेल सलोनी में निरुद्ध किया गया।


