खैरागढ़ - भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले से चयनित 24 वरिष्ठ नागरिकों को मोतियाबिंद सर्जरी हेतु आज एम्स रायपुर रवाना किया गया. संचालक, समाज कल्याण संचालनालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से यह पहल की गई. योजना के तहत जिले से चयनित हितग्राहियों को उनके सहायकों के साथ बस द्वारा रायपुर भेजा गया। इसमें माननीय राज्यपाल महोदय के गोद ग्राम सोनपुरी से भी हितग्राहियों का चयन किया गया है. ग्राम सोनपुरी से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. इस अवसर पर ग्राम पंचायत सोनपुरी की सरपंच श्रीमती सीमा वर्मा, जनप्रतिनिधि, सचिव पुनीता साहू तथा समाज कल्याण विभाग से सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल, हेमंत टंडन, बेदराम भारती सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे. समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जीवन स्तर में सुधार के लिए यह योजना सतत रूप से संचालित की जा रही है.
Loading...

