खैरागढ़। अंकित महोबिया - फाल्गुन कृष्ण पक्ष त्रयोदशी, बैद्यनाथ जयंती (15 फरवरी 2026, रविवार) को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर एवं आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान भोलेशंकर की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। रानी मंदिर समिति छुईखदान के लता रानी एवं लाल जे.के. वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, घी, शहद एवं गंगाजल से अभिषेक किया। फुडहर, धतूरा, कनेर, बेलपत्र एवं पुष्प अर्पित कर चंदन का लेप लगाया गया तथा चावल, चना दाल व श्रीफल भेंट कर कपूर, अगरबत्ती और दीप से आरती की गई। मंदिर परिसर “ॐ नमः शिवाय”, “हर-हर महादेव” एवं “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” के जयघोष से गुंजायमान रहा। शिवालयों में महामृत्युंजय मंत्र जाप, शिव तांडव स्तोत्र एवं श्री रूद्राष्टकम का पाठ किया गया। बच्चों द्वारा भगवान भोलेशंकर एवं मां पार्वती की वेश-भूषा में आकर्षक प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महाशिवरात्रि पर्व पर रानी मंदिर, कैलाश मंदिर, मां काली मंदिर, शिव मंदिर बड़े तालाब, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, शिवशक्ति मंदिर राधापुर रोड सहित नगर के सभी शिवालयों में बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। वैष्णव समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल जे.के. वैष्णव ने प्रतिवर्षानुसार आयोजित पूजा एवं भंडारा कार्यक्रम में भक्तों की उत्साहपूर्ण सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं का आभार जताया। संध्या समय शिव समाज मंदिर में महिला रामायण मंडली बाईसाहब, शिवशक्ति मानस जस मंडली, बजरंग मानस मंडली एवं जय मां काली जस भजन पार्टी द्वारा भक्ति गीतों एवं भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी गई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
Loading...

