खैरागढ़ । भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026, अर्हता तिथि 01.01.2026 के तहत अंतिम प्रकाशन के संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की। कलेक्टर चंद्रवाल ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 73-खैरागढ़ तथा 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) अंतर्गत मतदान केंद्रों एवं मतदाताओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नो-मौपिंग के 1,831 प्रकरण चिन्हित किए गए थे जिनकी सुनवाई कर नियमानुसार निराकरण किया गया। सभी प्रकरणों की दस्तावेजीय जांच जिला स्तर पर पुष्टि उपरांत पूर्ण की गई. इसी प्रकार लॉजिकल एरर से संबंधित 73,428 प्रकरणों का भी आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया गया। 6 जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम सूची (अर्हता तिथि 01.01.2025) के अनुसार जिले में कुल 2,99,810 मतदाता दर्ज थे। SIR प्रक्रिया के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं अनुपस्थित 19,441 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। इसके पश्चात 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक सूची में कुल 2,80,369 मतदाता रहे। वर्तमान अंतिम प्रकाशन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 73-खैरागढ़ 2,16,900 मतदाता, विधानसभा क्षेत्र 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) : 70,210 मतदाता इस प्रकार जिले में कुल 2,87,110 मतदाता पंजीकृत हैं। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने स्पष्ट किया कि अंतिम प्रकाशन के पश्चात भी यदि कोई पात्र मतदाता किसी कारणवश सूची में शामिल होने से वंचित रह गया है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। इसी प्रकार नाम विलोपन अथवा विवरण संशोधन की प्रक्रिया भी नियमानुसार सतत जारी रहेगी, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित कर सके। प्रेस वार्ता में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र कुमार ठाकुर, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू, भाजपा से शशांक ताम्रकार, कांग्रेस कोमल साहू, आम आदमी पार्टी से संतोष यादव , बहुजन समाज पार्सटी से संतोष मारिया हित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन कर्मचारी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।
Loading...


