खैरागढ़। अंकित महोबिया- शहर में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। समाजसेविका श्रीमती वंदना टांडेकर के जन्मदिवस के अवसर पर कृषि उपज मंडी अमलीपारा परिसर के पास “बर्थ डे पार्क” अभियान की शुरुआत की गई। इस पहल ने देखते ही देखते जनआंदोलन का रूप ले लिया, जहां जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। अपने जन्मदिवस को सेवा और प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए वंदना टांडेकर ने कहा कि शहर की हरियाली और स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन एवं विशेष अवसरों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें और बर्थ डे पार्क के विकास में सक्रिय सहयोग करें।अभियान के प्रमुख सेवाभावी साथी गोविंद सोनी ने बताया कि आने वाले दिनों में पार्क को विकसित करने के लिए वृहद श्रमदान अभियान चलाया जाएगा। नागरिकों से मिट्टी दान एवं अन्य सहयोग की अपील की जाएगी, ताकि सामूहिक प्रयासों से एक सुंदर, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल पार्क तैयार किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान वंदना टांडेकर सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने आम का पौधा रोपित कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, पार्षद रूपेंद्र रजक, भाजपा नेता नंद चंद्राकर, उत्तम बागड़े, समसुल होदा खान, उमेंद्र पटेल, सूरज देवांगन, मंगल सारथी, विनोद रजक, रुपेश देवांगन, गोविंद सोनी, नितेश जैन, संजय वालेचा, राजू यादव, किशोर शर्मा, ऋषिदीप सिंह, दिनेश टांडेकर, नीलम राजपूत, दिलीप रजक, तुलाराम पटेल, जहीन खान सहित बड़ी संख्या में सेवाभावी साथी और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने बर्थ डे पार्क को जनसहयोग से विकसित कर शहर में हरियाली बढ़ाने का संकल्प दोहराया। यह पहल आने वाले समय में खैरागढ़ में पर्यावरण जागरूकता और सामूहिक सहभागिता की नई मिसाल बनने की ओर अग्रसर है।
Loading...

