
खैरागढ़। जिला मुख्यालय के एकमात्र बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार 22 फरवरी को शहर कांग्रेस कमेटी ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतीक्षालय परिसर में भारी गंदगी, शराब की खाली बोतलें, पानी के पाउच, नशे के उपयोग की सामग्री और मवेशियों का जमावड़ा देख कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पाया कि प्रतीक्षालय में नियमित साफ-सफाई का अभाव है। कमरों के भीतर और बाहर दर्जनों खाली शराब की बोतलें बिखरी पड़ी थीं। कई स्थानों पर गोबर और कचरे का ढेर नजर आया। यात्रियों के बैठने के लिए लगी कुर्सियां टूटी हुई हैं, वहीं पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने मौके पर नगर पालिका के स्वच्छता प्रभारी को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया और तीन दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने की मांग की। चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय में सुधार नहीं हुआ तो आमरण अनशन और आंदोलन किया जाएगा। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के उद्देश्य से बनाए गए प्रतीक्षालय की यह स्थिति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थल पर खुलेआम शराबखोरी और नशाखोरी होना चिंताजनक है। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने भी नगर पालिका और पुलिस प्रशासन पर मौन सहमति का आरोप लगाते हुए कहा कि शासकीय परिसरों में इस तरह की गतिविधियां युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही हैं, जिससे शहर का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए बस स्टैंड पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। निरीक्षण में नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, यतेंद्रजीत सिंह, पुरन सारथी, शेखर दास वैष्णव, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, नदीम मेमन, मोहित भांडेकर, महेश यादव, मनोहर सेन, रानू खान, रघुनाथ यादव एवं सिद्धांत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन तीन दिन की चेतावनी के बाद क्या कदम उठाता है या मामला आंदोलन की ओर बढ़ता है।


