खैरागढ़ । जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना और ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों और तकनीकी सहायकों की समीक्षा बैठक लेकर कार्यों की प्रगति का बारीकी से आकलन किया। बैठक में उन्होंने प्रत्येक तकनीकी सहायक से पिछले सप्ताह के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले किए गए कार्यों का हिसाब लिया और आगामी सप्ताह में निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द अपने पक्के घर का लाभ मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में VBGRAMG के तहत ग्राम पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत कार्यों के लिए 48 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत मस्टर रोल जारी किए जाएं, जिससे ग्रामीणों को तत्काल रोजगार उपलब्ध हो और विकास कार्यों में तेजी आए।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने तकनीकी सहायकों और मैदानी अमले को लंबित आवासों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, हितग्राहियों से सतत संपर्क तथा निर्माण सामग्री और श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। आवास निर्माण, रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास से जुड़े सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण हों, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सके।

