
खैरागढ़। 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए भीषण आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में शुक्रवार को स्थानीय दाऊचौरा स्थित शहीद निकेश यादव स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एक दिया शहीदों के नाम अभियान के तहत सेवाभावी नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने दीप एवं मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने “शहीद वीर जवान अमर रहें” के नारों के साथ नम आंखों से देश के वीर सपूतों को याद किया। इस अवसर पर खैरागढ़ पुलिस परिवार के जवानों को तिरंगा बैच लगाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की.

समाजसेविका वंदना तांडेकर ने कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनके त्याग और समर्पण से ही देश की एकता और अखंडता सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को प्रेरणा प्रदान करते हैं। सेवाभावी रूपेश देवांगन ने कहा कि देश की सेवा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम का संचालन सेवाभावी जहीन खान ने किया। जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर ने भी पहुंचकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पुरुषोत्तम यादव, राजेश चंदवानी, भूखन सारथी, अजय आचार्य, प्रशांत सहारे, यतीश साहू, पार्षद पुष्पा सिंदूर, उत्तम बागड़े, समसुल होदा खान, किशोर शर्मा, नरोत्तम उर्वशा, अमीन मेमन, सूर्यकांत यादव, दिनेश टांडेकर, नितेश जैन, नीलम राजपूत सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।


