राजनांदगांव | सोनकुमार सिन्हा - जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने वाले नन्हे सितारे कार्यक्रम का समापन समारोह डॉ. बल्देवप्रसार मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजनांदगांव के सभागार में उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन राजनांदगांव, एचएसबीसी तथा ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। जिला मिशन समन्वयक श्री सतीश ब्यौहारे ने कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए “नई छलांग की पहली सीढ़ी” बताते हुए कहा कि नन्हे सितारे पहल से बच्चों के व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों से विनोबा प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यालयों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को साझा करने की अपील की और टीम विनोबा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले के कई शिक्षक पहले से ही नवाचारी कार्य कर रहे हैं, जिनकी मेहनत से विद्यार्थी नन्हे सितारे के फाइनल तक पहुंचे हैं. ओपन लिंक्स फाउंडेशन के डिवीजन मैनेजर डॉ. जितेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो सका। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भाषा कौशल को मजबूत करना, आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना रहा। 15 दिसंबर से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में जिले के प्राथमिक विद्यालयों से व्यापक सहभागिता देखने को मिली। विद्यालय एवं ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं के पश्चात 132 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय फाइनल के लिए किया गया निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन के लिए शिक्षा एवं साहित्य क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञ निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। निर्णायकों में प्रणीता शर्मा, कामनी साहू, प्राचार्य वीरेन्द्र कुमार दुबे, प्राचार्य डॉ. मोनशी वर्गीस, सुरेश साहू, रूपेश ठाकुर एवं राहुल देव श्यामकुंवर शामिल थे। प्रतियोगिता कक्षा 1 से 3, 4 से 5 एवं 6 से 8 समूहों में आयोजित की गई, जिसमें स्पोकन इंग्लिश, स्टोरीटेलिंग, पोएट्री रीसिटेशन तथा स्पेलिंग बी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम मैनेजर तुषार साहू एवं प्रोजेक्ट ऑफिसर नरेंद्र साहू ने किया। छत्तीसगढ़ की संपूर्ण टीम ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उल्लेखनीय है कि नन्हे सितारे प्रतियोगिता आचार्य विनोबा भावे शिक्षक सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षकों को सशक्त बनाना एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देना है। वर्तमान में राजनांदगांव जिले के सभी विकासखंडों के 1336 शासकीय विद्यालयों में यह कार्यक्रम सक्रिय है, जिससे 5536 शिक्षक एवं लगभग 1.30 लाख विद्यार्थी विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से लाभान्वित हो रहे हैं।
Loading...

