खैरागढ़। जिले की गण्डई थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए ऑपरेशन तलाश के तहत दो नाबालिग अपहृत बालिकाओं को अलग-अलग स्थानों से सकुशल बरामद किया है। इस कार्रवाई से परिजनों में खुशी का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी यश गेडाम और नितेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 मार्च 2026 को एक प्रार्थी ने अपनी नाबालिग बहन के 9 मार्च से लापता होने की रिपोर्ट थाना गण्डई में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 90/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ऑपरेशन तलाश चलाकर लगातार खोजबीन की गई।विवेचना के दौरान 13 अप्रैल 2026 को पुलिस ने अपहृता को महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के वणी निवासी आरोपी यश गेडाम के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया और बालिका को उसके परिजनों को सौंप दिया.इसी तरह, एक अन्य प्रकरण (अपराध क्रमांक 210/2024) में 21 सितंबर 2024 को दर्ज रिपोर्ट के आधार पर लापता नाबालिग बालिका को दुर्ग के शक्ति नगर से आरोपी नितेश यादव के कब्जे से बरामद किया गया। इस बालिका को भी सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने विवेचना में साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 64(2)(ड) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को 14 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Loading...

