खैरागढ़ । आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राष्ट्रीय नेतृत्व के परामर्श से प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों एवं स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी की है। इस सूची में 84 नेताओं को कार्यसमिति सदस्य और 28 वरिष्ठ नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। इस सूची में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता घम्मन साहू को प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलने से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन और समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले घम्मन साहू को लंबे समय से सक्रिय संगठनात्मक कार्य के लिए जाना जाता है। घम्मन साहू इससे पूर्व भाजपा के जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यकर्ताओं के साथ उनका निरंतर संपर्क उन्हें जिले के प्रभावशाली नेताओं में शामिल करता है. पूर्व जिला अध्यक्ष और जिला पंचायत में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके घम्मन साहू को सत्ता और संगठन दोनों का अनुभव है। विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के लिए उनकी सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी है. घम्मन साहू की साहू समाज में मजबूत पकड़ मानी जाती है जो छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक प्रभावशाली सामाजिक वर्ग है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके प्रदेश कार्यसमिति में आने से पार्टी को सामाजिक और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर मजबूती मिलेगी। जिले के वरिष्ठ नेता को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों ने इसे जिले के लिए गर्व की बात बताते हुए घम्मन साहू को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि यह नियुक्ति केवल एक पद नहीं बल्कि वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं के परिश्रम का सम्मान है। घम्मन साहू के अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा।
.

