खैरागढ़। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती खैरागढ़ में बौद्ध समाज के नेतृत्व में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस दौरान भव्य रैली, मंचीय कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत 13 अप्रैल की मध्यरात्रि अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा के समक्ष जन्मोत्सव मनाकर हुई। 14 अप्रैल की सुबह 10 बजे दाऊचौरा स्थित बुद्ध विहार से विशाल बाइक रैली निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः अंबेडकर चौक पहुंची। रैली के समापन पर डॉ. नागेश सिमकर के नेतृत्व में शीतल पेय वितरित किया गया। इसके बाद उपासक-उपासिकाओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बुद्ध वंदना, पंचशील और त्रिशरण का पाठ किया।सायं 5 बजे बुद्ध विहार से पैदल रैली निकाली गई, जिसका विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। तुरकारी पारा में सारथी समाज द्वारा फल एवं पेयजल वितरण किया गया, वहीं मस्जिद रोड पर मुस्लिम समाज ने शरबत पिलाकर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। रैली के अंबेडकर चौक पहुंचने पर आतिशबाजी के साथ समापन हुआ। मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने बौद्ध समाज को मिली भूमि पर भवन निर्माण के लिए अपनी निधि से 7 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर डॉ. अरुण भारद्वाज, डॉ. मकसूद अहमद सहित अन्य वक्ताओं ने शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताते हुए नई पीढ़ी को जागरूक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागियों को विधायक के हाथों पुरस्कृत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बौद्ध समाज के लोग एवं नागरिक उपस्थित रहे।
Loading...


