
डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने परिवार सहित प्रसिद्ध मां बमलेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। मंदिर आगमन के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।दर्शन उपरांत उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर भी संवाद किया।ताम्रध्वज साहू ने कहा कि वे मां बमलेश्वरी के दरबार में प्रदेश व देश की शांति, विकास और समृद्धि की कामना लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और ऐसे पावन स्थलों पर आने से मन को शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनसेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया। उनका यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदीप शर्मा (संयुक्त महामंत्री), हरीश भंडारी, लोकनाथ भारती, अशोक साहू, अनिल गट्टानी, शिशुपाल भारती, विष्णु लोघी, रिमी भाटिया, डॉ. थानेश्वर पाटिला, दशरथ ठाकुर, जितेंद्र ‘बब्बू’ भाटिया एवं मनोज अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

