डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - भारतीय जनता पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ में प्रदेश स्तर पर अहम जिम्मेदारियों का वितरण करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुषमा कोठारी को प्रदेश सह मीडिया प्रभारी तथा राजेश गुप्ता (अग्रहरि) को प्रदेश कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों से संगठन में उत्साह का माहौल है। सुषमा कोठारी लंबे समय से भाजपा की सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रही हैं। उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके संगठनात्मक अनुभव, निष्ठा और कार्यकुशलता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। सह मीडिया प्रभारी के रूप में वे पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। वहीं राजेश गुप्ता (अग्रहरि) को प्रदेश कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वे शुरू से भाजपा से जुड़े रहकर पार्टी हित में कार्य करते आ रहे हैं। उनकी संगठन क्षमता और सक्रियता को देखते हुए यह दायित्व सौंपा गया है, जिससे प्रदेश स्तर पर कार्यालयीन कार्यों में और अधिक मजबूती आएगी। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के पूर्व जिला कार्यकारिणी सदस्य सोन कुमार सिन्हा ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सुषमा कोठारी की कार्यकुशलता और सकारात्मक सोच तथा राजेश गुप्ता की संगठन क्षमता निश्चित रूप से प्रकोष्ठ को और अधिक सशक्त बनाएगी। इन नियुक्तियों को भाजपा संगठन के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों ही पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
Loading...

