
राजनांदगांव | सोन कुमार सिन्हा - जिले के घुमका थाना में पदस्थ आरक्षक दिनेश कुमार पटेल को एक वायरल वीडियो के आधार पर निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में आरक्षक द्वारा एक ग्रामीण व्यक्ति से पैसों के लेन-देन का मामला सामने आया, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता और पद के दुरुपयोग के रूप में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल प्रभाव से आरक्षक को निलंबित कर रक्षित केंद्र, राजनांदगांव में अटैच कर दिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित आरक्षक बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा और उसे नियमानुसार हाजिरी देनी होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी डोंगरगांव को 7 दिनों के भीतर प्राथमिक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।


