खैरागढ़। शाला को आकर्षक बनाने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला खैरागढ़ में प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह की अध्यक्षता में शिक्षकों व व्याख्याताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 9 अप्रैल को स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव एवं 16 अप्रैल को जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. मुकुल साव द्वारा ली गई मैराथन बैठकों के एजेंडा व निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री के 11 बिंदुओं पर विशेष फोकस करते हुए शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए, जिससे पालक अपने बच्चों का प्रवेश निजी स्कूलों के बजाय शासकीय विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित हों। कक्षा 6वीं एवं 9वीं में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में वर्ष 2026-27 के बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने, हिंदी व अंग्रेजी भाषा में दक्षता बढ़ाने तथा हर तीन माह में पालक-बालक बैठक आयोजित करने पर चर्चा हुई। साथ ही पालक-शिक्षक के मधुर संबंध, सामुदायिक सहभागिता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विज्ञान, खेल, साहित्य, सांस्कृतिक व कौशल विकास गतिविधियों के आयोजन पर बल दिया गया. शनिवार को ‘गतिविधि दिवस’ घोषित करते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न हाउस में विभाजित कर गार्डेनिंग व स्वच्छता समूह बनाने, स्कूल परिसर को हराभरा व आकर्षक बनाने, दीवारों पर शैक्षणिक चित्रांकन करने तथा स्मार्ट क्लास और एआई तकनीक के उपयोग से पढ़ाई को रोचक बनाने की रणनीति पर भी सहमति बनी। प्रत्येक विद्यार्थी के लिए व्यक्तिगत योजना तैयार करने, नीट-जेईई जैसी परीक्षाओं हेतु मार्गदर्शन देने एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित कर कैरियर काउंसिलिंग आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा प्रत्येक माह छत्तीसगढ़ के महापुरुषों की जीवनी से विद्यार्थियों को अवगत कराने तथा प्रतिदिन राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, सरस्वती वंदना सहित शाम को राज्यगीत व शांति पाठ के आयोजन के निर्देश भी साझा किए गए। बैठक में कन्या पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक श्रीमती संगीता सिंह, संकुल समन्वयक श्री राजकुमार वर्मा सहित सभी शिक्षक-व्याख्याताओं ने शिक्षा के बेहतर वातावरण निर्माण का संकल्प लिया। अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।
Loading...


