खैरागढ़ । जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस ने समाधान ऐप के माध्यम से विशेष किरायेदार सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। विगत एक सप्ताह से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस टीम घर-घर और प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मकान मालिकों, दुकानदारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कार्यालय संचालकों एवं अन्य भवन स्वामियों से संपर्क कर उन्हें किरायेदार सत्यापन के महत्व की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही समाधान ऐप के जरिए सत्यापन की पूरी प्रक्रिया समझाकर नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी ने अपना मकान, दुकान, कार्यालय, गोदाम या अन्य परिसर किराये पर दिया है, तो वहां रहने या काम करने वाले प्रत्येक किरायेदार का सत्यापन कराना आवश्यक है। इससे संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान आसान होती है तथा चोरी, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलती है। केसीजी पुलिस ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या घटना दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग और सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं।
Loading...

