खैरागढ़। जिले के ग्राम खम्हारडीह में खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि मेड़ पर अधिक मिट्टी डालने का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मिट्टी का ढेला सिर पर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल खैरागढ़ में भर्ती कराया गया जहां पुलिस ने देहाती नालसी दर्ज कर मामला जांच में लिया है. मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खम्हारडीह निवासी मुकेश साहू (40 वर्ष) रविवार सुबह करीब 8 बजे अपने खेत में कांटा-खूंटी की सफाई करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने देखा कि खेत की मेड़ के हिस्से में ट्रैक्टर लोडर से अधिक मिट्टी डाल दी गई है. इस बात को लेकर उन्होंने अपने बड़े चाचा के बेटे रोहित साहू 45 वर्ष से आपत्ति जताई और मिट्टी हटाने को कहा. आरोप है कि इसी बात पर रोहित साहू आक्रोशित हो गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद पास में पड़े मिट्टी के ढेले से मुकेश साहू के सिर पर हमला कर दिया जिससे उनके सिर से खून निकलने लगा और वे कुछ देर के लिए बेहोश हो गए. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल मुकेश साहू को परिजन और ग्रामीणों की मदद से सिविल अस्पताल खैरागढ़ में भर्ती कराया गया. मामले में पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत आरोपी रोहित साहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
Loading...

