रायपुर। सोन कुमार सिन्हा - छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) के मुख्यालय नया रायपुर में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में धान उपार्जन व्यवस्था को मजबूत बनाने, किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, भंडारण एवं परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकृत अधिकारी शशिकांत द्विवेदी ने की। इस दौरान प्रबंध संचालक जितेंद्र शुक्ला, अपर आयुक्त सहकारिता सावित्री भगत, सचिव भूपेंद्र सिंह ठाकुर सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के धान उपार्जन एवं संग्रहण केंद्रों में रखे धान के भंडारण और उठाव की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि केंद्रों में शेष धान का समयबद्ध उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी खरीदी सीजन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। धान के परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े लंबित कार्यों को भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। खरीफ सीजन को देखते हुए प्रदेश की सभी सहकारी समितियों में रासायनिक एवं नैनो उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसानों की मांग के अनुरूप उर्वरकों की आपूर्ति समय पर की जाए, जिससे कृषि कार्य प्रभावित न हों।बैठक में कर्मचारियों के कल्याण और सेवा शर्तों से जुड़े कई प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लिए गए। प्राधिकृत अधिकारी शशिकांत द्विवेदी ने कहा कि इन फैसलों से कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे संस्थान की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। श्री द्विवेदी ने सभी अधिकारियों को संचालक मंडल के निर्णयों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्कफेड को और अधिक किसान हितैषी एवं मजबूत संस्था बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। बैठक के अंत में विश्वास जताया गया कि लिए गए फैसलों के प्रभावी अमल से प्रदेश में धान उपार्जन व्यवस्था और मजबूत होगी, सहकारी क्षेत्र को नई गति मिलेगी और लाखों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
Loading...

