खैरागढ़। जिले में रविवार को राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ सिविल अस्पताल खैरागढ़ से किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की और अभिभावकों से प्रत्येक बच्चे को हर बार पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सिविल अस्पताल खैरागढ़ में दो वार्डों को मिलाकर बनाए गए एक बूथ पर 128 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं पूरे खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 53,344 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य जिले के किसी भी पात्र बच्चे को पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहने देना है। कार्यक्रम में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, भागवत शरण सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बोधन परते, डॉ पंकज वैष्णव, श्रीमती भुनेश्वरी कौशिक, शांति यादव, सुरेखा राजपूत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए हर अभिभावक की भागीदारी आवश्यक है। भारत ने सामूहिक प्रयासों से पोलियो पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है लेकिन जब तक दुनिया से यह बीमारी पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाती तब तक हमें सतर्क रहना होगा। मैं सभी माता-पिता से आग्रह करती हूं कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को हर बार पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। यह केवल टीका नहीं बल्कि हमारे बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भारत में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान वर्ष 1995 में शुरू हुआ था। लगातार चले व्यापक टीकाकरण अभियान के परिणामस्वरूप भारत आज पोलियो मुक्त देश है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अब भी पोलियो वायरस मौजूद होने के कारण संक्रमण का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए प्रत्येक बच्चे को हर बार पोलियो की खुराक पिलाना बेहद जरूरी है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से दो बूंद जिंदगी की अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की ताकि देश की पोलियो मुक्त पहचान हमेशा बरकरार रहे।
Loading...

