खैरागढ़। जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत RAMP योजना अंतर्गत उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP LEAP बैच-5) का सफलतापूर्वक समापन 24 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत विचारपुर (ठेलकाडीह) में हुआ। 7 अप्रैल से प्रारंभ इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने अंतिम दिवस पर प्रतिभागियों को व्यवसाय स्थापना और प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से सशक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य MSME क्षेत्र में नए उद्यमियों को तैयार करना, व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया को सरल बनाना तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। इसमें युवाओं, महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह (SHG) के सदस्यों और स्टार्टअप से जुड़े प्रतिभागियों को उद्यमिता के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को उद्यमिता के प्रकार, स्थानीय संसाधनों के आधार पर व्यवसायिक अवसरों की पहचान, तथा छत्तीसगढ़ में उपलब्ध प्रमुख क्षेत्रों—जैसे कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन, वनोपज (MFP/NTFP), हथकरघा, हस्तशिल्प और धातु निर्माण—में संभावनाओं की जानकारी दी। साथ ही ODOP (One District One Product) के तहत जिलावार अवसरों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में जिलेभर से करीब 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान सामूहिक चर्चा, व्यवहारिक उदाहरण और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। अंत में फीडबैक सत्र आयोजित कर प्रतिभागियों के अनुभव साझा किए गए, जिसमें सभी ने कार्यक्रम को बेहद उपयोगी, प्रेरणादायक और मार्गदर्शक बताया।इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक तुषार साहू एवं प्रमेश विजयवार की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Loading...

