खैरागढ़। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी उसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसी सोच को साकार करते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान तथा जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमलीडीह कला में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए। इस दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का व्यवहारिक पाठ पढ़ाया गया और प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया। मुख्य अतिथि सरपंच रूपेंद्र वर्मा ने कहा कि हर नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए। वहीं उप सरपंच युवराज वर्मा ने विद्यार्थियों से पर्यावरण के प्रति सजग रहने और लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रधान पाठक रूपेश कुमार देवांगन ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी सिखाने का भी माध्यम है। वृक्षारोपण जैसे अभियान विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करते हैं, जो भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर सरपंच रूपेंद्र वर्मा, उप सरपंच युवराज वर्मा, अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, सचिव संजय वर्मा, स्वामी राम वर्मा, नरोत्तम वर्मा, श्रीमती चंद्रिका कोहराम, श्रीमती गीता वर्मा, श्रीमती प्रियंका यादव, श्रीमती सीमा मानिकपुरी, श्रीमती सीमा यादव, श्रीमती इंदु मानिकपुरी सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ यह संदेश भी दिया गया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा वही है, जो विद्यार्थियों को प्रकृति, समाज और भविष्य के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दे।
Loading...

