खैरागढ़। पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास की अव्यवस्थाओं से परेशान छात्र सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचे और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। छात्रों ने छात्रावास अधीक्षक की लापरवाही को उजागर करते हुए बताया कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। छात्रों के अनुसार हाल ही में छात्रावास का बोर खराब हो गया, जिससे पूरे दिन पानी के लिए भटकना पड़ा। पाइपलाइन टूटने और अन्य मरम्मत कार्यों की स्थिति भी दयनीय है। आरोप है कि मेंटेनेंस का जिम्मा भी छात्रों को स्वयं उठाना पड़ रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।छात्रों ने अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे महीने में केवल एक-दो बार ही छात्रावास आते हैं और वह भी महज 10 से 30 मिनट रुककर औपचारिकता निभाकर लौट जाते हैं। न तो वे छात्रों की समस्याएं सुनते हैं और न ही समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाते हैं। पूछने पर वे स्वयं को कलेक्टर कार्यालय में व्यस्त बताकर जिम्मेदारी से बचते हैं। वर्तमान में छात्रावास का संचालन लगभग रसोइए और नाइट ड्यूटी कर्मचारियों के भरोसे चल रहा है। छात्रों का कहना है कि ऐसी स्थिति में सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन भी प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रावास में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए अधीक्षक की जवाबदेही तय की जाए और बुनियादी सुविधाओं को तत्काल बहाल किया जाए ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के अनुकूल वातावरण मिल सके।
Loading...

