खैरागढ़। खुशियों से भरी एक मुलाकात की उम्मीद लेकर निकला एक परिवार रास्ते में ही बिखर गया। नागपुर से लौटकर अपने बेटे और पत्नी से मिलने ससुराल जा रहे प्रदीप साहू को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनका आखिरी सफर बन जाएगा। जिले जिले के संडी गाड़ाडीह चौक के पास हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक घर की खुशियां छीन लीं और पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के बीच मंगलवार को एक और हृदयविदारक हादसा सामने आया। 21 अप्रैल की सुबह लगभग 11 बजे संडी से आगे गाड़ाडीह चौक के पास एक मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी जिसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूत्रों के अनुसार मदनपुर निवासी प्रदीप साहू लगभग 32 वर्ष की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सोनू साहू लगभग 40 वर्ष सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन लोग सवार थे और उनके साथ एक छोटा बच्चा भी मौजूद था जिससे हादसा और भी चिंताजनक बन गया। मिली जानकारी के मुताबिक सभी युवक अपने गांव मदनपुर से धुमा की ओर जा रहे थे। मृतक प्रदीप साहू का ससुराल धुमा में है। वह नागपुर में मजदूरी करता था और 20 अप्रैल को ही नागपुर से घर लौटा था। अपने बेटे और पत्नी से मिलने के लिए दोस्तों के साथ ससुराल जा रहा था तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। अधिकांश मामलों में ओवरस्पीड, लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाना प्रमुख कारण बन रहे हैं।
Loading...


