खैरागढ़ - पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को गुजरात के अहमदाबाद से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को प्रार्थी ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री, जो अपनी नानी के घर आई हुई थी, को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 133/2026, धारा 137(2) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान बालिका और आरोपी के अहमदाबाद में होने की जानकारी मिली, जिस पर तत्काल विशेष टीम रवाना की गई। 14 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद के ओढव थाना क्षेत्र स्थित आदिनाथ गोकुलनगर सोसायटी में दबिश देकर आरोपी पिंटू बंजारे (18 वर्ष), निवासी डोकराभाठा, थाना खैरागढ़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपहरण करने और उसके साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की है। विधिसम्मत कार्रवाई के बाद आरोपी को 16 अप्रैल 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Loading...


