डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत चल रहे तालाब निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचीं जिला पंचायत राजनांदगांव की सभापति श्रीमती अनिता मंडावी ने ग्राम पंचायत बुढानछापर एवं कारूटोला (जनपद पंचायत डोंगरगढ़) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मजदूरों ने बताया कि उन्हें पिछले दो माह से मजदूरी का भुगतान नहीं मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सभापति श्रीमती मंडावी ने तत्काल जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि मजदूरों का लंबित भुगतान शीघ्र किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मजदूरों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा मनरेगा में कार्य दिवस को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है तथा मजदूरी दर में भी वृद्धि की गई है। साथ ही राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं के सशक्तिकरण और रोजगार के अवसरों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, कृषक कल्याण योजना एवं मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। इस अवसर पर जिला किसान मोर्चा भाजपा के उपाध्यक्ष शिवप्रसाद बल्हारे, मंडल महामंत्री लाल बहादुर नगर उपकार सिंह बघेल, श्रीमती तिलका उइके, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष योगेश सोनी, ग्राम पंचायत कारूटोला एवं बुढानछापर के सरपंच-पंच, मनरेगा मजदूर एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Loading...

