खैरागढ़। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां अवैध संबंध के शक में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज मामले में खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक तुलाराम पटेल (45 वर्ष) निवासी किल्लापारा वार्ड क्रमांक 11 खैरागढ़ पेशे से बिल्डिंग ठेकेदार था। उसके साथ ग्राम गाडाडीह की परदेशनीन बाई (40 वर्ष) मजदूरी का काम करती थी। बताया जा रहा है कि काम के बाद तुलाराम पटेल कई बार उसे मोटरसाइकिल से उसके गांव छोड़ने जाता था। 08 मार्च 2026 की शाम को भी वह परदेशनीन बाई को छोड़ने ग्राम गाडाडीह गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने अवैध संबंध के शक में उसे घेर लिया और यह कहते हुए कि “तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ रहे हो उसके साथ हाथ-मुक्कों और लातों से जमकर मारपीट की। मारपीट के कारण तुलाराम पटेल के चेहरे और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ लाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
Loading...

