डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य शासन की मंशा के अनुरूप स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत डोंगरगढ़ द्वारा विशेष “PMAY-G आवास प्रगति महाअभियान” चलाया गया। जनपद की 87 ग्राम पंचायतों में लंबित कुल 3141 अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लक्ष्य के साथ 21 फरवरी 2026 को व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया गया। इसके तहत जनपद स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम गठित कर प्रत्येक अपूर्ण आवास हितग्राही के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए। अभियान में अनुविभागीय अधिकारी (RES), सहायक विकास विस्तार अधिकारी, करारोपण अधिकारी, उप अभियंता, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक (PMAY-G), बीसी एवं सीसी (SBM), तकनीकी सहायक (MGNREGA), सहायक प्रोग्रामर, लिपिक, लेखापाल एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित समस्त कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। निर्देशानुसार सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने संबंधित ग्राम पंचायतों में पहुंचकर हितग्राहियों से प्रत्यक्ष संपर्क किया और आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु प्रेरित एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। सीईओ जनपद पंचायत डोंगरगढ़ ने स्वयं ग्राम उरईडबरी में पहुंचकर अभियान की मॉनिटरिंग की और हितग्राहियों से संवाद कर निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। इस महाअभियान में जनपद स्तर के कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राम स्तर पर सचिव, सरपंच, पंच एवं बिहान कैडर की दीदियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Loading...

