खैरागढ़। अंकित महोबिया - सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बोरी निवासी मानदाता लोधी (60 वर्ष) ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 16 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक अपने रिश्तेदार के मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। 24 जनवरी को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखा संदूक भी तोड़ा गया है। संदूक में रखे लगभग 35 हजार रुपये मूल्य के मशरूका को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 331(4) एवं 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बीरसिंह वर्मा (30 वर्ष), निवासी धम्मादीप नगर, ईटाभट्ठा चौक, थाना यशोदा नगर, नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
Loading...

