डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - नवाजतन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने हेतु आयोजित “FLN सह नवाजतन वॉरियर्स शिक्षक सम्मान” समारोह में शिक्षक अमित वर्मा को प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके लिए एक यादगार पल साबित हुआ। इस अवसर पर SCERT के संचालक के. कुमार, पूर्व अतिरिक्त संचालक योगेश शिवहरे, डीपीआई उपसंचालक आशुतोष चावरे, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप, दुर्ग जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा एवं FLN प्रकोष्ठ की प्रभारी शबनम खान सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। शिक्षक अमित वर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय FLN सह नवाजतन रिसोर्स शिक्षक परिवार छत्तीसगढ़ के आर.के. जलतारे, सुनील मिश्रा, सुमित पांडेय एवं समस्त कोर टीम को देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। अमित वर्मा न केवल शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी उनकी विशेष रुचि रही है। वे अब तक 25 बार रक्तदान कर चुके हैं, वर्ष 2016 में मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प ले चुके हैं तथा 2019 में दीपावली के अवसर पर स्कूल के बच्चों के लिए स्मार्ट क्लास हेतु टीवी दान किया। इसके अलावा उन्हें वृक्षारोपण का भी विशेष शौक है। कोरोना काल के दौरान भी उन्होंने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की। कार्यक्रम के अंत में कोर ग्रुप टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई और शिक्षक वर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
Loading...

