खैरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33% आरक्षण देने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों पर भाजपा नेत्री वंदना टांडेकर ने स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया है। भाजपा नेत्री वंदना टांडेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार नारी शक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को राजनीति में समान भागीदारी देने का रास्ता साफ हुआ है, जिसका देशभर की महिलाओं को लंबे समय से इंतजार था। टांडेकर ने कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने का निर्णय महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने वाला बड़ा कदम है। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नीति निर्माण में उनकी भूमिका और प्रभावशाली होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा सीटों में वृद्धि और परिसीमन जैसे प्रस्ताव लाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी राज्य का प्रतिनिधित्व कम न हो और महिलाओं को अतिरिक्त अवसर मिलें। यह पहल सबका साथ सबका विकास” के संकल्प को और मजबूत करती है। वंदना टांडेकर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग इस महत्वपूर्ण विषय पर भी भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि यह कानून देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने का माध्यम बनेगा। अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें महिलाओं की भागीदारी निर्णायक साबित होगी।
Loading...

