खैरागढ़ - केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के हथकरघा केंद्र में कुम्हार (मिट्टी शिल्प) से जुड़े उद्यमियों के लिए तीन दिवसीय सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहल के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 30 से अधिक उद्यमियों, विशेषकर महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक और तकनीकी ज्ञान से सशक्त बनाना रहा। प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों से संवाद कर उनकी वर्तमान कार्यप्रणाली और चुनौतियों को समझा गया। इसके बाद मास्टर ट्रेनर द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन देते हुए संस्थागत ढांचे और संभावनाओं पर चर्चा की गई। दूसरे दिन केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, सब्सिडी प्रावधान, ईडीपी प्रशिक्षण, कौशल विकास, मार्केटिंग रणनीति और उद्यम पंजीयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अंतिम दिन आयात-निर्यात की संभावनाएं, विभागीय समन्वय, बाजार की मांग और कुम्हार उद्योग के विस्तार पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। साथ ही प्रतिभागियों को ऋण, सब्सिडी, वर्किंग कैपिटल और प्रस्तुतीकरण कौशल से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। इस दौरान कई प्रतिभागियों का उद्यम पंजीयन भी कराया गया। मास्टर ट्रेनर श्रीमती पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक प्रमेश विजयवार एवं रोहित झा की सक्रिय भूमिका से कार्यक्रम सफल रहा। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी, प्रेरणादायी और मार्गदर्शक बताया। समापन अवसर पर आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Loading...

