खैरागढ़। मैकाल पर्वत श्रेणी की गोद में बसे वनांचल ग्राम टींगामाली के लिए गर्व का क्षण है। शासकीय प्राथमिक शाला टींगामाली के कक्षा पांचवीं के छात्र धनंजय नेताम ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने गांव, विद्यालय और माता-पिता का नाम रोशन किया है। धनंजय नेताम, पिता प्रीतम नेताम के पुत्र हैं, जो पेशे से कृषक एवं मजदूर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद धनंजय ने अपनी मेहनत, लगन और नियमित अध्ययन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि पर जनपद पंचायत खैरागढ़ के सभापति पुरुषोत्तम साहू एवं ग्राम पंचायत मुढ़ीपार के सरपंच कुमेश साहू ने धनंजय को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुमेश साहू ने कहा कि “प्रयास और लगन से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है, धनंजय ने यह साबित कर दिखाया है। शाला के प्रधान पाठक हब्बू राम कंवर ने बताया कि धनंजय प्रारंभ से ही मेधावी छात्र रहा है और उसने निरंतर मेहनत व अनुशासन के साथ पढ़ाई कर यह सफलता अर्जित की है।
Loading...

