खैरागढ़। खैरागढ़ जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। खेत में जोताई कर रहे बैगा टोला निवासी 43 वर्षीय महेश वर्मा की बोरवेल की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल खैरागढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार महेश वर्मा मंगलवार को अपने खेत में जोताई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत में बोरवेल के लिए बिछाई गई बिजली लाइन के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वे खेत में गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बोरवेल की बिजली लाइन के संपर्क में आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Loading...

