खैरागढ़। ग्राम घोंघेडबरी में पुतरी पुतरा विवाह उत्सव के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम घोंघेडबरी में 1 मई 2026 को पुत्तरी-पुतरा विवाह उत्सव मनाया जा रहा था। शाम करीब 6 बजे डीजे और स्कॉर्पियो वाहन के साथ गांव में जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही युवक महेश्वर साहू द्वारा कथित रूप से लापरवाही एवं अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाने के कारण बड़ा हादसा हो गया। बताया गया कि स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 04 JB 7890 की चपेट में कुल पांच लोग आ गए जिनमें महीप कुमार जंघेल गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन जयराम वर्मा के घर की दीवार से टकराकर पलट गया। हादसे में महीप कुमार जंघेल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन से चार अन्य लोग घायल हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन चालक को वाहन चलाने का उचित ज्ञान नहीं था और वाहन में कई बच्चे भी सवार थे। ग्रामीणों ने पुलिस कार्यवाही पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना की सूचना उसी रात थाना ठेलकाडीह में दी गई थी लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। अगले दिन रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक की कार्रवाई संदेहास्पद प्रतीत हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घटना स्थल का पंचनामा किए बिना ही वाहन को वहां से हटाकर थाना पहुंचा दिया। साथ ही थाना में पूछताछ के दौरान वाहन मालिक द्वारा स्वयं वाहन चलाने की बात कही गई जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव के तीन युवक वाहन चला रहे थे। ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच दोषियों पर उचित कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की पारदर्शी जांच की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में अशोक कुमार जंघेल, रविंद्र जंघेल, प्रदीप जंघेल, शिवकुमार पटेल, उमेश यादव, प्रदुम वर्मा, अरुण वर्मा, बुधारू मानिकपुरी, सुरेन्द्र दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश गौतम ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

