राजनांदगांव। सोन कुमार सिन्हा - नगर निगम की व्यवस्थाओं को जमीनी स्तर पर परखने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव एवं नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने बुधवार को महावीर सनसिटी सोसायटी का दौरा किया। अधिकारियों ने रहवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सोलर पैनल लगाने के फायदे बताते हुए नागरिकों से इसे अपनाने की अपील की। दौरे के दौरान सोसायटी के अध्यक्ष आनंद चोपड़ा एवं अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद आयोजित संवाद कार्यक्रम में रहवासियों ने पेयजल, साफ-सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कलेक्टर और महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की आवश्यकता है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बिजली के बढ़ते खर्च को कम करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों और सोसायटी परिसरों में अधिक से अधिक सोलर पैनल लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर ऊर्जा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने भी सोलर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं और इसके आर्थिक लाभों की जानकारी देते हुए नागरिकों को इस दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित किया। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महावीर सनसिटी सोसायटी की सभी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। अधिकारियों और नागरिकों के बीच हुए इस सीधे संवाद से सोसायटी के रहवासियों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान अब तेजी से होगा। वहीं, सोलर ऊर्जा को लेकर दी गई जानकारी को भी नागरिकों ने उपयोगी और भविष्य के लिए लाभकारी पहल बताया।
Loading...

