खैरागढ़। जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचपेड़ी में शराब की लत ने एक और परिवार को उजाड़ दिया. गांव निवासी तिहारु यादव 45 वर्ष ने बीती मध्यरात्रि अपने ही घर में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार तिहारु यादव पेशे से ट्रक ड्राइवर था. रोज की तरह काम से लौटकर उसने घर में खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक वह लंबे समय से शराब का आदी था। शराब की वजह से उसका स्वभाव पूरी तरह बदल चुका था। वह अक्सर चुपचाप रहता, किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता और घर आकर खुद खाना निकालकर खाकर अकेले सो जाता था।ग्रामीणों का कहना है कि शराब ने उसकी जिंदगी को धीरे-धीरे खोखला कर दिया था। आर्थिक, मानसिक और पारिवारिक परेशानियों के बीच वह अंदर ही अंदर टूटता चला गया। बताया जा रहा है कि वह अपने ससुराल में रह रहा था और परिवार से भी कम घुलता-मिलता था। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह उसकी पत्नी मजदूरी से लौटकर घर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने पड़ोसियों को बुलाया। इसके बाद तत्काल ठेलकाडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर देखा तो तिहारु यादव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि क्षेत्र में शराबखोरी से जुड़ी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सड़क दुर्घटनाओं से लेकर मारपीट, पारिवारिक विवाद और आत्महत्या जैसे मामलों में शराब एक बड़ी वजह बनकर सामने आ रही है। तिहारु यादव की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शराब की गिरफ्त में आकर कितने घर और उजड़ेंगे।
Loading...

