डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - ग्राम पंचायत मोहंदी में अखिल भारतीय मैथिल क्षत्रिय समाज का वार्षिक महासभा एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर विधायक बघेल ने समाज को संबोधित करते हुए सामाजिक एकजुटता, संगठन की मजबूती और शिक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब हम अपनी परंपराओं को सहेजते हुए आधुनिकता के साथ आगे बढ़ें। परिचय सम्मेलन जैसे आयोजन परिवारों को जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को भी सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य समाज के युवाओं को एक मंच प्रदान कर वैवाहिक संबंधों को सरल और सुव्यवस्थित बनाना है। साथ ही समाज के प्रतिभावान युवाओं एवं वरिष्ठ जनों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विधायक बघेल ने आयोजन के उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज के भीतर परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम में दुर्गेश द्विवेदी, परमानंद साहू, पुसउ वर्मा, कमल नारायण सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Loading...

