खैरागढ़। खैरागढ़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कथित शराब पार्टी और वायरल वीडियो का मामला आखिरकार कार्रवाई तक पहुंच गया। कई दिनों तक मामला दबाने और जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी के बाद सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने और लगातार उठते सवालों ने शिक्षा विभाग को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। जिला शिक्षा विभाग ने मामले में दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी, खैरागढ़ द्वारा जारी आदेश के मुताबिक बीईओ कार्यालय खैरागढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 रविन्द्र सिंह गहरवार और शासकीय प्राथमिक शाला संडी के प्रधानपाठक सुनील कुमार वर्मा पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में वायरल वीडियो के जरिए शासकीय कार्यालय परिसर में शराब सेवन और अमर्यादित व्यवहार की जानकारी सामने आई थी। प्रथम दृष्टया यह कृत्य छत्तीसगढ़ | सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत पाया गया जिसके बाद विभाग ने यह कदम उठाया। मामले में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि वीडियो सामने आने के बाद काफी समय तक जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे रहे। पहले मामले को शांत होने देने की कोशिश हुई, लेकिन जब वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा और स्थानीय मीडिया ने सवाल उठाए, तब जाकर विभाग हरकत में आया। जिलेभर में अब यही चर्चा है कि अगर वीडियो वायरल नहीं होता तो क्या विभाग कार्रवाई करता? क्योंकि जिस कार्यालय से शिक्षा व्यवस्था संचालित होती है वहीं सरकारी दफ्तर की मर्यादा तार-तार होने के आरोप लगे। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय BEO कार्यालय छुईखदान निर्धारित किया गया है।
Loading...

