खैरागढ़। शहर में शासकीय एवं नजूल भूमि से जुड़े कथित अवैध प्लाटिंग, रजिस्ट्री और निर्माण कार्यों के मामलों को लगातार उजागर कर रहे छग अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार चैतेन्द्र तिवारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक केसीजी को आवेदन सौंपकर पुलिस सुरक्षा की मांग की है. पत्रकार तिवारी ने आवेदन में बताया है कि वे पिछले कई महीनों से खैरागढ़ शहर की शासकीय भूमि, नजूल भूमि, एडवर्ड चिल्ड्रन पार्क तथा खसरा क्रमांक 167, 169 और 170 से संबंधित कथित अनियमितताओं और अवैध प्लाटिंग के मामलों पर लगातार समाचार प्रकाशित कर रहे हैं. साथ ही इस मामले की शिकायत विभिन्न प्रशासनिक एवं शासन स्तर के अधिकारियों से भी की गई है. उन्होंने कहा कि उपलब्ध दस्तावेजों जांच प्रतिवेदनों और शासकीय अभिलेखों के आधार पर समाचार प्रकाशित किए जा रहे हैं जिससे मामले से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों में नाराजगी है. ऐसी परिस्थितियों में उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका बनी हुई है. आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि जनहित से जुड़े इस गंभीर विषय पर पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन करते हुए वे लगातार तथ्य सामने ला रहे हैं. इसलिए उनकी सुरक्षा का आकलन कर आवश्यक पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराया जाए ताकि वे निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें. पत्रकार ने यह भी मांग की है कि यदि किसी प्रकार की धमकी दबाव या शिकायत की स्थिति उत्पन्न होती है तो उस पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इस संबंध में उन्होंने एसपी कार्यालय को शिकायतों की प्रतियां, प्रकाशित समाचारों की प्रतियां तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत किया हैं. मामले को लेकर अब पुलिस प्रशासन के रुख पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
Loading...

