राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - संस्कार नगरी राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम पूरे एशिया में रोशन कर दिया है। युवा वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी ने सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करते हुए 53 किलोग्राम वर्ग में रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।
ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता में अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्नैच में 88 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 106 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
छत्तीसगढ़ की इस बेटी की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर जो सफलता हासिल की है, वह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा ज्ञानेश्वरी की यह सफलता प्रदेश के युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
राजनांदगांव की इस बेटी की उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। ज्ञानेश्वरी यादव की जीत से प्रदेश के खेल जगत में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।

