खैरागढ़- महिलाओं के सम्मान सुरक्षा और अधिकारों की बात करते हुए हर साल 8 मार्च को पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। मंचों पर महिलाओं के सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें होती हैं लेकिन जमीनी हकीकत कई बार इन दावों को सवालों के कटघरे में खड़ा कर देती है। केसीजी जिले के गातापार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांकरा में घटी एक दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर दिया है जहां एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट गाली-गलौज और अमानवीय व्यवहार किया गया। यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब देशभर में महिला सम्मान और सुरक्षा की बातें की जा रही हैं. जिले के गातापार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांकरा में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट गाली-गलौज और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सांकरा निवासी सिलोचना वर्मा (33 वर्ष) ने थाना गातापार में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि 4 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर में स्थित किराना दुकान में बैठी थी। इसी दौरान गांव के ही मनोज वर्मा, पंकज वर्मा और राजू वर्मा नशे की हालत में उसके घर में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने मिलकर महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान मनोज वर्मा ने अमानवीय हरकत करते हुए महिला की साड़ी उठाकर उसके गुप्तांग पर पैर से वार किया जिससे उसे गंभीर चोट आई। आरोप है कि मनोज वर्मा के हाथ में चाकू भी था जिससे वार करने पर महिला के दाहिने हाथ में गंभीर चोट लग गई। पीड़िता ने बताया कि तीनों आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से भी मारपीट की जिससे उसके शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। घटना के दौरान जब उसकी बड़ी बेटी बचाने आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और कमरे में घसीटकर उसके कपड़े फाड़ दिए जिससे उसकी अस्मिता को ठेस पहुंची। मामले में पुलिस ने मनोज वर्मा, पंकज वर्मा और राजू वर्मा निवासी ग्राम सांकरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 333 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Loading...

