गंडई। कैलाश चतुर्वेदी - नगर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित प्राचीन शिव मंदिर के ठीक सामने खुलेआम अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। मंदिर जैसे पवित्र स्थल के समीप इस प्रकार की गतिविधियों से धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, वहीं क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही भी बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार पुलिस प्रशासन को मौखिक और लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस एवं कठोर कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ढिलाई के कारण अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर अपना धंधा चला रहे हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार, मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर के सामने शराब बिक्री से श्रद्धालुओं की आस्था आहत हो रही है और महिलाओं व बच्चों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने के लिए तत्काल अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रवासी जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक संज्ञान लेता है और मंदिर परिसर के आसपास शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाता है।
Loading...

