
खैरागढ़। जिले के गातापार थाना लछना पंचायत अंतर्गत आश्रित ग्राम बोड़ला में एक वृद्ध द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है. मृतक की पहचान गोवर्धन गोंड़ 60 वर्ष निवासी बोड़ला के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार गोवर्धन गोंड़ 13 जून को दोपहर में भोजन करने के बाद घर से निकले थे लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. परिजनों ने उनकी तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका. अगले दिन 14 जून को दोपहर 2 बजे ग्रामीणों ने नदी किनारे स्थित एक कुर्रु के पेड़ पर उन्हें पीले रंग के गमछे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. ग्रामीणों के अनुसार कुछ समय पहले गोवर्धन गोंड़ पर भालू ने हमला कर दिया था जिसके बाद से उनका स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा था. बताया जाता है कि घटना के बाद वे मानसिक तनाव और परेशानियों से भी जूझ रहे थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

