खैरागढ़। जिला भाजपा कार्यालय में गुरुवार को भाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक प्रदेश के श्रम एवं उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन की मुख्य उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का किया उल्लेख
प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के बाद प्रत्येक बूथ पर बैठक आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, गरीब कल्याण योजनाओं सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने धारा 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।
खैरागढ़ के विकास को लेकर भाजपा विधायक की जरूरत बताई
लखन लाल देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार ने प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और किसानों के बोनस भुगतान जैसे कई बड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खैरागढ़ में भाजपा विधायक नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और क्षेत्र के तेज विकास के लिए भाजपा का जनप्रतिनिधि चुना जाना जरूरी है।
मेरा बूथ, सबसे मजबूत पर जोर
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा भाव, अनुशासन और जनसंपर्क ही भाजपा कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और पदाधिकारियों से पूरी सक्रियता के साथ संगठन विस्तार में जुटने की अपील की।

संत रविदास जयंती के कार्यक्रमों की रूपरेखा
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने बताया कि संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती पर जिलेभर में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।
बड़ी संख्या में जुटे पदाधिकारी और कार्यकर्ता
बैठक का संचालन जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन ने किया, जबकि स्वागत उद्बोधन जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेशर साहू ने दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। बैठक में टी.के. चंदेल, शशांक ताम्रकार, प्रियंका ताम्रकार, गिरजा चंद्राकर, नीलिमा गोस्वामी, आनंद सिन्हा, विकेश गुप्ता, ललित चोपड़ा, देवकुमार सेन, ऋषि सिंह, पुष्पा वर्मा, आयश सिंह सहित विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

