डोंगरगढ़।सोन कुमार सिन्हा - द०पू०म० रेलवे स्टेशन डोंगरगढ़ से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक अज्ञात पुरुष का क्षत-विक्षत शव बरामद किया है। बताया गया कि अप लाइन जटकन्हार-डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर 926/11-13 के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया, जहां लगभग 45 से 50 वर्ष उम्र के एक पुरुष का शव दो पटरियों के बीच नग्न अवस्था में पाया गया। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का सिर धड़ से अलग हो गया था और शरीर के कई हिस्से अलग-अलग स्थानों पर बिखरे हुए मिले। शव के अंग किलोमीटर 926/6 से 926/11 तक फैले पाए गए। मौके से मृतक का कत्था रंग का पैंट, चप्पल और नीले रंग की फटी शर्ट बरामद कर सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आसपास के थाना एवं चौकी क्षेत्रों को सूचना देकर मृतक की पहचान में सहयोग करने की अपील की है। पहचान होने पर थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव को सूचित करने कहा गया है।
Loading...

