खैरागढ़। जिले के ग्राम पंचायत सर्रागोदी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ एक महिला शिक्षिका के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दैनिक सरस्वती संकेत के संपादक एवं वरिष्ठ संवाददाता राजेंद्र सिंह चंदेल 15 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 8:50 बजे विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान स्कूल परिसर के बाहर ग्रामीणों की मौजूदगी देखी गई। ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था को लेकर असंतोष जताते हुए बताया कि स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ होने के बावजूद पढ़ाई का स्तर संतोषजनक नहीं है। वरिष्ठ संवाददाता के अनुसार जब वे ग्रामीणों के साथ विद्यालय परिसर में पहुंचे तब एक महिला शिक्षिका मोबाइल पर व्यस्त थीं। शिक्षकों की उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी लेने पर शिक्षिका द्वारा कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। आरोप है कि विवाद के दौरान शिक्षिका ने छोटे बच्चों को एकत्र कर उनसे अनुचित शब्द बुलवाने का प्रयास किया तथा कैमरे के सामने माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की। साथ ही शिक्षिका द्वारा कथित रूप से धमकी भरे लहजे में मैं महिला हूं चप्पल से मारूंगी तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई यहां आने की जैसे शब्द कहे जाने की बात भी सामने आई है। घटना के समय मौजूद ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताई और इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के सामने इस प्रकार का व्यवहार न केवल अनुचित है बल्कि उनके मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
प्राची पाठक (शिक्षिका) का कहना है कि वह समय पर विद्यालय पहुंचकर बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान राजेंद्र सिंह चंदेल बिना अनुमति के वीडियो बनाने लगे। उन्होंने इसका विरोध किया और बताया कि उसी समय उन्हें चक्कर आ गया, जिससे टकराव की स्थिति बनी।


