
राजनांदगांव - सोन कुमार सिन्हा - थाना बसंतपुर क्षेत्र में फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित कर युवकों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से फर्जी कार्यालय संचालित कर रहे थे। ये लोग इंटरनेट से युवतियों के फोटो डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल बनाते और व्हाट्सएप के माध्यम से युवकों को भेजते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपए तक की राशि वसूल कर संपर्क तोड़ देते थे। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से 07 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल और 09 रजिस्टर/कॉपी जब्त किए गए। मोबाइल जांच में 2286 युवतियों के फोटो पाए गए, जिनका उपयोग फर्जी प्रोफाइल बनाने में किया जा रहा था। वहीं, बैंक खातों के एक वर्ष के स्टेटमेंट में ₹37,69,000 का लेन-देन सामने आया है। नेहा पाठक (23 वर्ष), निवासी लेबर कॉलोनी, राजनांदगांव, धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32 वर्ष), निवासी कबीरधाम, वर्तमान पता राजनांदगांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 66-D के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी एमन साहू सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।

