डोंगरगढ़। (सोन कुमार सिन्हा) राजनांदगांव जिले के वनांचल क्षेत्र बोरतलाव और आसपास के करीब 100 गांवों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वर्षों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे ग्रामीणों की उम्मीद अब पूरी होती नजर आ रही है। क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खोलने की दिशा में शासन स्तर पर महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार जिला पंचायत राजनांदगांव की सभापति श्रीमती अनिता मंडावी के प्रयासों से बोरतलाव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापना का मामला तेजी से आगे बढ़ा है। इस विषय पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गंभीरता से विचार किया। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद स्वास्थ्य विभाग राजनांदगांव को आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत बोरतलाव द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाएगी। प्रस्तावित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने के बाद वनांचल क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधे लाभ मिलेगा। फिलहाल क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारी, प्रसव या आपात स्थिति में इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों तक जाना पड़ता है। समय पर उपचार नहीं मिलने और आर्थिक परेशानी के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बोरतलाव में सीएचसी की स्थापना को ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र बनने से प्राथमिक और आपात चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। इस पहल को लेकर पूरे वनांचल क्षेत्र में खुशी का माहौल है और नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों एवं शासन के प्रति आभार जताया है।
Loading...

