राजनांदगांव । सोन कुमार सिन्हा - चैत्र नवरात्रि पर्व 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हो रहा है। इस अवसर पर माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले भव्य मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि माँ बम्लेश्वरी मंदिर में दूर-दराज से लाखों श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समन्वित रूप से कार्य करें तथा सेवा भावना के साथ व्यवस्थाओं को अंजाम दें।उन्होंने पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था निर्बाध रखने के निर्देश दिए। मेले की संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के मद्देनजर चिकित्सा विभाग को पर्याप्त मात्रा में ओआरएस घोल, आवश्यक दवाइयां एवं मरहम-पट्टी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डोंगरगढ़ के ऊपर एवं नीचे मंदिर परिसर में डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेंगे। कलेक्टर ने सेवा पंडालों में श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों के विश्राम, चाय-नाश्ता, भोजन तथा प्राथमिक उपचार की सुगम व्यवस्था करने के निर्देश दिए। अंजोरा से अछोली तक सेवा पंडाल लगाने को कहा गया है। मेला स्थल, मंदिर परिसर एवं सीढ़ियों पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करने तथा डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र एवं सीढ़ियों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। क्विक रिस्पांस टीम भी सक्रिय रहेगी। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम संकेतक, अस्थायी गति अवरोधक एवं रिफलेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। बैठक में रोपवे के फिटनेस सर्टिफिकेट एवं मेंटेनेंस की समीक्षा की गई। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग को मिष्ठान एवं अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। पार्किंग, यातायात, रोशनी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक, माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं सेवा पंडाल संचालक उपस्थित थे।
Loading...

